चांदन (बांका): प्रखंड परिसर स्थित आइटी भवन सभागार में प्रखंड प्रमुख रविश कुमार की अध्यक्षता में पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मनरेगा योजनाओं की पंचायत वार समीक्षा के अलावा पीएचईडी, शिक्षा, बाल विकास, जन वितरण प्रणाली, कृषि व स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गयी। पेयजलापूर्ति के तहत पंचायतों में बंद पड़ी जल मीनारों को चालू करने पर बल दिया। धनुवसार व दक्षिणी बारने के जन प्रतिनिधियों ने बंद पड़े चापानल का मुद्दा उठाया। जिचांदन पंचायत के मुखिया अनिल कुमार ने प्राथमिक विद्यालय डोमावजान में कई महीनों से ताला लटके रहने का मामला उठाया। बीइओ पंकज कुमार ने इसकी जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया। प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामयस मंडल ने कृषि सम्मान योजना के लाभुकों को केसीसी कार्ड उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा। आजादी के अमृत महोत्सव में प्रचार प्रसार नहीं कराने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सदस्यों ने सवाल उठाया। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी रंजन कुमार राजीव ने बताया कि प्रखंड में कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कराया जाएगा। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी वंदना दास ने आंगनवाड़ी के रिक्त पदों को भरने का भरोसा दिया। पशुपालन, बिजली, अंचल, थाना और वन विभाग के पदाधिकारियों ने बैठक में शामिल नहीं हुए। इस कारण सभी से स्पष्टीकरण मांगे जाने का निर्णय लिया गया। उप प्रमुख दिनेश सिंह, बीपीआरओ हरिमोहन कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक डा. यशराज, पीओ मनरेगा नरेश कुमार, मुखिया रंजीत पंडित, तारा देवी, गुलटन रजक, मालती देवी, तुलसी रजक, अनीता देवी, पंसस उषा देवी, मनीता देवी, रूबी देवी, इंद्रावती देवी, छोटे लाल भगत, अनिल ठाकुर सहित अन्य थे।