रजौन (बांका) : इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक युवक ने दूसरे धर्म की एक युवती से तीन साल प्यार करने के बाद 11 माह पूर्व भागलपुर के बूढ़ानाथ मंदिर में प्रेम विवाह किया है। विवाह के बाद युवक ने परिवार के दबाव के कारण युवती को बीच मझधार में छोड़ दिया है। इसके बाद युवती न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है।
जानकारी के मुताबिक मोरामा गांव निवासी सौरभ कुमार ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से करीब तीन वर्ष पूर्व पटना निवासी गुलअफसा शहजादी उफऱ् गुड़िया से दोस्तीकी। दोस्ती के दौरान ही दोनों का प्यार परवान चढ़ा। प्यार में ही दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाई। इसके बाद भागलपुर के बूढ़ानाथ मंदिर में 11 माह पूर्व उस युवक से विवाह कर ली। अब पारिवारिक दबाव में उक्त युवक लड़की को छोड़कर फरार हो गया। उसके बाद लड़की न्याय की उम्मीद लेकर महिला थाना बांका एवं रजौन थाना का चक्कर काट रही है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने लड़की की शिकायत पर लड़के को परिवार सहित थाने बुलाया। जहां दोनों को समझाने बुझाने पर दोनों युवक एवं युवती एक दूसरे के साथ रहने पर रजामंदी जाहिर की। रजामंदी मिलते ही दोनों से बांड भरवाया गया। थाने में बांड भरते ही युवक लघुशंका के बहाने फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।