खगड़िया सदर : जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया श्री अमित अनुराग द्वारा चेरा खेरा पंचायत, अलौली के मोहरा घाट में जनता दरबार लगाया गया एवं जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनता ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं को सामने रखा जिनका समाधान किया गया और कुछ अन्य मांगों पर समाधान हेतु विमर्श करने का आश्वासन दिया गया।लोगों की ज्यादातर शिकायतें वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, दिव्यांगजन को सहायता से संबंधित थी, जिनमें से अधिकांश का त्वरित निस्तारण किया गया। बहुत से लोगों ने राशन कार्ड के नहीं बनने अथवा उसमें नाम नहीं रहने की शिकायत भी की। चेरा खेरा पंचायत के कार्यपालक सहायक भी इस अवसर पर उपस्थित थे, जिन्होंने समस्याओं के निस्तारण हेतु अनुमंडल पदाधिकारी को सहायता दी।
अतिरिक्त पीएससी के संचालन एवं आवागमन हेतु सड़क बनाने की मांग भी जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने की। मोहरा घाट जाने का रास्ता अत्यंत खराब स्थिति में है और इसे ठीक कराने की मांग जनता दरबार में रखी गई जिस पर ग्रामीण कार्य विभाग से कार्य कराने हेतु आश्वासन दिया गया।लोगों ने पुलिस सब स्टेशन स्थापित करने की मांग रखी। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इसके लिए जगह चिन्हित कर लिया गया है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।जनता दरबार में अनुमंडल पदाधिकारी के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी अलौली श्री मनीष कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे। समस्याओं के समाधान हेतु मुखिया, उप मुखिया एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ काफी संख्या में लोग भी उपस्थित थे।