Homeखगड़िया सदरअभियान बसेरा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत सर्वेक्षित एवं वास भूमिहीन परिवारों...

अभियान बसेरा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत सर्वेक्षित एवं वास भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा का वितरण कार्यक्रम सभी अंचलों में संपन्न, 1702 लाभुकों को पर्चा दिया गया, पर्चा पाकर लाभुक हुए अति प्रसन्न

खगड़िया सदर : जिलाधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष के निदेशानुसार जिला प्रशासन की टीम ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा आयोजित अभियान बसेरा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत सर्वेक्षित एवं वास भूमिहीन परिवारों को पर्चा वितरण हेतु सभी अंचलों में शिविर लगाकर लाभुकों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया गया। सभी अंचलों में चिन्हित पंचायतों में भूमिहीन परिवारों को अभियान बसेरा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बासगीत पर्चा का वितरण वरीय पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया।

 

विदित हो कि राज्य सरकार ने वर्ष 2014 में अभियान बसेरा की शुरुआत की थी। अभियान के तहत भूमिहीन परिवारों को चिन्हित करते हुए इन्हें रहने के लिए भूमि उपलब्ध कराया गया है। सभी अंचलों से एक साथ सर्वेक्षित सूची में से भूमिहीन परिवारों को चिन्हित करते हुए उनका प्रस्ताव तैयार कर पर्चा बनाया गया तथा अनुमंडल एवं जिला स्तर से इसकी स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

खगड़िया अंचल के कोठिया,बरई, दूधरहा, बछौता, भदास, रसौंक एवं दक्षिण माड़र मौजा में अभियान बसेरा के तहत 60 बासगीत पर्चा एवं 12 बंदोबस्ती पर्चा का वितरण वासभूमि विहीन लाभुकों के बीच किया गया।

 

मानसी अंचल में बलहा मौजा में 196 लाभुकों को अभियान बसेरा के तहत बासगीत पर्चा का वितरण किया गया। चौथम अंचल में सर्वाधिक 796 लाभुकों को अभियान बसेरा के तहत हरदिया एवं मेदिनीनगर मौजा में बंदोबस्ती पर्चा का वितरण किया गया। अकेले हरदिया मौजा में 724 लाभुकों को पुनर्वासित करने हेतु बंदोबस्ती पर्चा का वितरण किया गया। अलौली अंचल में 110 लाभुकों को अभियान बसेरा के तहत मोहनपुर, रौन, गौड़ाचक, इचरुआ एवं पिपरपांती मौजा में पर्चा का वितरण किया गया। इनमें 54 लाभुकों को बासगीत पर्चा एवं 56 लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा दिया गया।

 

गोगरी अंचल में अभियान बसेरा के तहत 263 वासभूमि विहीन परिवारों के बीच कमरी, बोरना एवं पसराहा मौजा में बंदोबस्ती पर्चा का वितरण किया गया। बेलदौर अंचल में रामनगर, पछौत, सकरोहर, महिनाथनगर एवं बलैठा मौजा में 140 परिवारों के बीच अभियान बसेरा के तहत 15 बासगीत पर्चा एवं 135 बंदोबस्ती पर्चा का वितरण किया गया। परबत्ता अंचल में 125 भूमि वासहीन परिवारों को पिपरा लतीफ, खीराडीह, अगुवानी एवं देवरी मौजा में 49 बासगीत पर्चा एवं 76 बंदोबस्ती पर्चा दिया गया।

 

इस प्रकार कुल मिलाकर जिले में 374 लाभुकों को बासगीत पर्चा एवं 1328 लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा का वितरण किया गया। खगड़िया अनुमंडल में 310 लाभुकों को बासगीत पर्चा एवं 864 लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा दिया गया। गोगरी अनुमंडल में 64 लाभुकों को बासगीत पर्चा एवं 464 लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा दिया गया। सभी लाभुक बासगीत पर्चा पाकर खुश नजर आए।

 

बासगीत पर्चा के वितरण हेतु खगड़िया अंचल का कार्यक्रम समाहरणालय सभाकक्ष में रखा गया था, जिसमें जिलाधिकारी डॉ आलोक रंजन घोष, माननीय विधायक खगड़िया श्री छत्रपति यादव एवं निदेशक, डीआरडीए मो० सहादत हुसैन भी उपस्थित थे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान बसेरा के तक पर्चा प्राप्त लाभुक अब प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य आवास योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सक्षम हो सकते हैं। साथ ही इन्हें अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सकता है।

 

जिलाधिकारी खगड़िया अंचल के बासगीत पर्चा वितरण समारोह जो समाहरणालय सभागार में आयोजित किया गया, में सम्मिलित हुए। माननीय विधायक, परबत्ता डॉक्टर संजीव कुमार गोगरी एवं परबत्ता अंचल में, माननीय विधायक, खगड़िया श्री छत्रपति यादव खगड़िया अंचल में, माननीय विधायक, अलौली श्री रामवृक्ष सदा अलौली अंचल में एवं माननीय विधायक, बेलदौर श्री पन्नालाल सिंह पटेल चौथम एवं बेलदौर अंचल में पर्चा वितरण हेतु आयोजित समारोह में शामिल हुए। जिला परिषद अध्यक्ष श्री कृष्णा कुमारी यादव खगड़िया अंचल के लिए आयोजित समारोह में समाहरणालय सभागार में सम्मिलित हुईं। माननीय विधायकों ने अपने हाथों से भी लाभुकों के बीच पर्चा का वितरण किया। संबंधित प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, स्थानीय मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी विभिन्न अंचलों में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। ‌लाभुकों के अलावा अन्य लोग भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।

पर्चा वितरण कार्यक्रम के पर्यवेक्षण हेतु एवं पूर्व से अनुमोदित सूची के अनुसार पर्चा वितरण कराने हेतु वरीय पदाधिकारियों को विभिन्न अंचलों में प्रतिनियुक्त किया गया था। उप विकास आयुक्त श्रीमती अभिलाषा शर्मा को मानसी अंचल में, अपर समाहर्ता श्री शत्रुंजय कुमार मिश्रा को गोगरी अंचल में, अनुमंडल पदाधिकारी,खगड़िया श्री अमित अनुराग को करौली अंचल में, भूमि सुधार उप समाहर्ता, खगड़िया श्री जनक कुमार एवं अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, खगड़िया श्री नवाजिश अख्तर को चौथम अंचल में, अनुमंडल पदाधिकारी, गोगरी श्री अमन कुमार सुमन को परबत्ता अंचल में, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो० फैयाज अख्तर को बेलदौर अंचल में एवं वरीय उप समाहर्ता श्री चंदन कुमार को खगड़िया अंचल में प्रतिनियुक्त किया गया था तथा इन सभी ने अपने उपस्थिति में शांतिपूर्वक बासगीत पर्चा वितरण कार्यक्रम संपन्न कराया। राजस्व शाखा के प्रभारी वरीय उप समाहर्ता श्री राजन कुमार ने भी बासगीत पर्चा वितरण समारोह को आयोजित करने में महती भूमिका निभाई।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित वरीय पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों को पर्चा वितरण कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के बीच बासगीत पर्चा के वितरण का समुचित दस्तावेजीकरण कराने का निर्देश भी दिया था, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का कोई विवाद ना उत्पन्न हो और पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्व निर्धारित अनुमोदित सूची के अनुसार पर्चा का वितरण किया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी पर्चाधारियों को लगान रसीद देने का भी निर्देश दिया था। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कार्यक्रम के दौरान पर्चा वितरित करते समय सभी लाभुकों का फोटोग्राफी भी कराया गया है। सभी लाभुक बासगीत पर्चा पाकर प्रसन्न नजर आए और उन्होंने जिला प्रशासन के साथ बिहार सरकार को भी धन्यवाद दिया कि उन्हें आवास बनाने हेतु जमीन उपलब्ध करा दिया गया है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here